Chhattisgarh Politics: डिप्टी CM अरुण साव पर टिप्पणी से भड़का साहू समाज, भूपेश बघेल से माफी की मांग

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव पर की गई टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस बयान से नाराज छत्तीसगढ़ साहू समाज ने भूपेश बघेल के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदेशभर में विरोध का ऐलान किया है।

साहू समाज ने निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों (SP) को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समाज का कहना है कि यह कदम भूपेश बघेल से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने के लिए उठाया जा रहा है। यह ज्ञापन उप मुख्यमंत्री अरुण साव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के संदर्भ में दिया जाएगा।

 

5 जनवरी को होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

छत्तीसगढ़ साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष नीरेंद्र साहू 5 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके साथ ही समाज ने सभी जिला अध्यक्षों को पत्र जारी कर ज्ञापन सौंपने के निर्देश दिए हैं।

साहू समाज ने साफ चेतावनी दी है कि यदि भूपेश बघेल 10 दिनों के भीतर अपनी टिप्पणी पर माफी नहीं मांगते, तो समाज को आंदोलन के रास्ते पर जाना पड़ेगा।

समाज ने कहा है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव समाज के गौरव हैं और उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

क्या थी भूपेश बघेल की टिप्पणी

उल्लेखनीय है कि हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर के लिंगियाडीह में पिछले 37 दिनों से चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव पर तीखा हमला बोला था।

 

भूपेश बघेल ने लिंगियाडीह बस्ती को तोड़कर बनाए जा रहे गार्डन को लेकर कहा था,

“क्या मुख्यमंत्री अपनी पत्नी के साथ वहां घूमने आएंगे?”

इसके अलावा उन्होंने उप मुख्यमंत्री अरुण साव की तुलना बंदर से करते हुए कहा कि दो साल में केवल 950 मीटर सड़क बन सकी है और किसी भी मामले में काम नहीं हो पा रहा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आंदोलनरत लोगों से डटे रहने की अपील भी की थी। इसी बयान के बाद से साहू समाज आक्रोशित है और भूपेश बघेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

 

Share this

You may have missed