डिजिटल क्रांति की ओर छत्तीसगढ़ विधानसभा: पीडब्ल्यूडी सचिव ने नए भवन और लोकभवन का किया मुआयना, दिए सख्त निर्देश…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ में नई प्रशासनिक और विधायी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज नवा रायपुर का दौरा किया। उन्होंने वहाँ निर्माणाधीन ‘लोकभवन’ (राजभवन) के चल रहे विकास कार्यों का धरातल पर बारीकी से निरीक्षण किया।
सचिव ने पूरे परिसर का व्यापक भ्रमण कर भवन के ले-आउट और फ्लोर-प्लान की विस्तृत जानकारी ली। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ निर्माण में लगी एजेंसियों को भी दोटूक शब्दों में काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके।
लोकभवन के बाद सचिव मुकेश बंसल ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के निर्माणाधीन नए भव्य भवन का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आगामी सत्रों को ध्यान में रखते हुए विधानसभा को पूरी तरह ‘पेपरलेस’ (कागज रहित) बनाने की दिशा में तकनीकी कार्यों और व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त करने पर जोर दिया।
विधानसभा को आधुनिक और डिजिटल स्वरूप देने के लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग और चिप्स (CHiPS) को आपस में बेहतर समन्वय और तालमेल के साथ काम करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी अपग्रेडेशन का काम बिना किसी रुकावट के तेज गति से पूरा होना चाहिए ताकि नई विधानसभा पूरी तरह हाई-टेक हो सके।

