छत्तीसगढ़ हेल्थ रिपोर्ट कार्ड: 2 साल में 1639 भर्तियाँ और 4551 करोड़ का मुफ्त इलाज; स्वास्थ्य मंत्री ने पेश किया उपलब्धियों का लेखा-जोखा…NV News
Share this
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। मंत्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि बीमारियों की रोकथाम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।
विभाग में मानव संसाधन की कमी को दूर करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में 1639 पदों पर नियुक्तियाँ की गई हैं, जिसमें डॉक्टर, नर्स और अन्य चिकित्सा कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा, 2300 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ‘नेशनल हेल्थ मिशन’ के तहत हर महीने ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से सीधी भर्ती की जा रही है।
प्रदेश की स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 15वें वित्त आयोग और PM-ABHIM योजना के तहत 3 जिला अस्पताल, 10 सिविल अस्पताल और सेंदरी में 200 बिस्तरों वाले मानसिक अस्पताल को मंजूरी दी गई है। आने वाले तीन वर्षों में राज्य के सभी विकासखंडों में ‘ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट’ (BPHU) और सभी जिला अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक ‘इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब’ (IPHL) स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
आयुष्मान भारत योजना छत्तीसगढ़ में वरदान साबित हो रही है। मंत्री ने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में 31.44 लाख से अधिक क्लेम प्रकरणों के माध्यम से 4551 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज जनता को मिला है। प्रदेश के 90 प्रतिशत राशन कार्डधारकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। साथ ही, ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ के तहत गंभीर बीमारियों के लिए 2273 लाभार्थियों को 62.20 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
गंभीर बीमारियों पर नियंत्रण के मोर्चे पर भी छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य में मलेरिया की दर 4.6% से घटकर 0.59% रह गई है, और 4106 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। जनजातीय क्षेत्रों में सिकल सेल एनीमिया की रोकथाम के लिए 1.68 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को और सुलभ बनाने के लिए जल्द ही 375 नई एम्बुलेंस और 75 हाट बाजार मोबाइल मेडिकल यूनिट्स की शुरुआत की जाएगी।
