छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र: प्रश्नकाल में हल्की नोकझोंक और ठहाके, बेरोजगारी भत्ता व सैनिटरी मशीन पर तीखे सवाल

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन की सूचना सदन को दी। सदन ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय पाटिल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद स्पीकर ने उनके सम्मान में सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। निर्धारित समय पश्चात कार्यवाही पुनः प्रारंभ हुई।

प्रश्नकाल के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच सवाल-जवाब का दौर चलता रहा, जिसमें कई रोचक पल और हल्की नोकझोंक देखने को मिली।

 

एक तरफ धरम और एक तरफ लक्ष्मी

प्रश्नकाल की शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधायक धरमलाल कौशिक का नाम पुकारते हुए मजाकिया अंदाज़ में कहा— “एक तरफ धरम और एक तरफ लक्ष्मी है, पूछिए विधायक जी क्या सवाल है आपका।”

विधायक कौशिक ने अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री द्वारा दिए गए उत्तर में उनके प्रश्न का स्पष्ट जवाब नहीं है। इस पर विस्तृत चर्चा की मांग की गई। अध्यक्ष ने कहा कि आज सत्र का प्रारंभिक दिन है, इसलिए छोटे-छोटे सवाल पूछे जाएं, जिनका मंत्री जवाब देंगी।

विधायक अजय चंद्राकर ने भी इस दौरान हस्तक्षेप करते हुए कहा कि आसंदी का आदेश है कि छोटे सवाल ही पूछे जाएं। इस टिप्पणी पर विधानसभा अध्यक्ष मुस्कराते नजर आए।

 

“आपको सवाल से रोका नहीं जा सकता”

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से पूछे जा रहे प्रश्न के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने उसी विषय पर सवाल करने की अनुमति मांगी। अध्यक्ष ने सहमति देते हुए कहा— “आपको तो सवाल से रोका नहीं जा सकता।”

इस पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि यदि विधायक द्वारा बताए गए उपकरण का उपयोग ही नहीं हो रहा है, तो उस पर सवाल करना कितना उचित है। इस टिप्पणी पर सदन में ठहाके गूंज उठे। दरअसल, प्रश्न स्कूलों में लगाए गए सैनिटरी मशीनों को लेकर था।

 

नाम को लेकर नोकझोंक

बेरोजगारी भत्ता और बेरोजगारों के पंजीयन को लेकर चर्चा के दौरान विधायक अजय चंद्राकर और उमेश पटेल के बीच हल्की नोकझोंक हुई। अजय चंद्राकर द्वारा नाम सही लेकिन उपनाम गलत लिए जाने पर उमेश पटेल ने आपत्ति जताई। अन्य सदस्यों की टिप्पणी के बाद मामला स्पष्ट हुआ, जिससे सदन में हल्का हास्य माहौल बन गया।

 

वरिष्ठ विधायक को स्पीकर की नसीहत

विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक लखेश्वर बघेल को सवाल पूछने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि आप वरिष्ठ विधायक हैं, बेहतर तरीके से सवाल रखिए और गुरुजी को बधाई भी दीजिए।

बेरोजगारी और रोजगार पंजीयन से जुड़े सवाल पर मंत्री गुरु खुखवंत साहेब ने सदन को जानकारी दी कि राज्य सरकार शीघ्र ही राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन करने जा रही है, जिसके लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

Share this

You may have missed