छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू: पहले दिन ‘छत्तीसगढ़ विजन 2047’ पर चर्चा, कांग्रेस का बहिष्कार

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज यानी रविवार, 14 दिसंबर से शुरू हो गया है। यह सत्र 17 दिसंबर 2025 तक चार दिनों तक चलेगा। शीतकालीन सत्र का आयोजन नवा रायपुर स्थित नव-निर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में किया जा रहा है। खास बात यह है कि यह सत्र पूरी तरह से पेपरलेस होगा।

 

सत्र के पहले दिन सदन में ‘छत्तीसगढ़ विजन 2047’ पर चर्चा की जा रही है। हालांकि, पहले दिन प्रश्नकाल नहीं रखा गया है। इस चर्चा में केवल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक ही शामिल हैं, क्योंकि कांग्रेस विधायकों ने पहले दिन के सत्र का बहिष्कार कर दिया है।

 

इन मुद्दों पर होगी सदन में गर्माहट

छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सदन में कानून व्यवस्था, धान खरीदी, जमीन दर, बिजली जैसे विषय प्रमुख रूप से उठेंगे। वहीं विपक्ष बिजली बिल, बढ़ती महंगाई और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।

 

विधायकों ने लगाए 628 सवाल

शीतकालीन सत्र के लिए विधायकों द्वारा कुल 628 प्रश्न लगाए गए हैं। इनमें से 96 प्रतिशत सवाल ऑनलाइन माध्यम से दर्ज किए गए हैं। कुल सवालों में 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा सत्र के दौरान 48 ध्यानाकर्षण और 9 अशासकीय संकल्प भी लगाए गए हैं, जिन पर संबंधित मंत्रियों को जवाब देना होगा।

Share this

You may have missed