Chhattisgarh Assembly Speaker Dr Raman Singh E-Rickshaw Ride: ई-रिक्शा में बैठकर स्पीकर हाउस रवाना हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह; महिला सशक्तीकरण की सराही पहल…NV News
Share this
NV News रायपुर/राजनांदगांव न्यूज़: छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित ‘श्रमिक सम्मेलन’ में शामिल हुए। सम्मेलन के समापन के बाद डॉ. रमन सिंह ने सादगी और आत्मीयता का परिचय देते हुए नया ढाबा निवासी हितग्राही ई-रिक्शा चालक दीदी श्रीमती सरिता वर्मा के ई-रिक्शा में बैठकर स्पीकर हाउस के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी एवं सुमीत उपाध्याय भी ई-रिक्शा में मौजूद रहे।
श्रमिक महिलाओं की आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज की महिलाएं साइकिल और कार चलाने से लेकर पायलट बनकर आसमान छू रही हैं। महिलाएं हर क्षेत्र में सक्षम, सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा रही हैं।
सम्मेलन के दौरान डॉ. रमन सिंह ने एक अन्य ई-रिक्शा चालक दीदी श्रीमती उषा साहू और उनके पति भावेश साहू से भी बातचीत की। उषा दीदी की शिक्षा की जानकारी मिलने पर डॉ. रमन सिंह ने उन्हें 10वीं के आगे अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं, उषा साहू के पति ने बताया कि उन्होंने ही अपनी पत्नी को ई-रिक्शा चलाना सिखाया है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और बचत भी बढ़ रही है।

