इंडिगो फ्लाइट्स में अव्यवस्था: अब तक 610 करोड़ का रिफंड, 3,000 बैग हुए डिलीवर – मंत्रालय ने दिया बड़ा अपडेट
Share this
नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस पिछले कुछ दिनों से तकनीकी खराबी और स्टाफ की कमी से जूझ रही है, जिसके कारण बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द और विलंबित हुईं। इस स्थिति ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी थी। अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस मामले पर बड़ा अपडेट जारी किया है। मंत्रालय के अनुसार, प्रभावित यात्रियों को अब तक 610 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड किया जा चुका है। इसके साथ ही कुल 3,000 से अधिक बैगेज यात्रियों को वापस डिलीवर किए गए हैं।
इंडिगो के सीईओ पीटर एलबर्स ने बयान जारी कर कहा कि 10 दिसंबर तक पूरी उड़ान सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है। वहीं, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरलाइन अधिकारियों और स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक कर रिफंड प्रक्रिया और यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के अनुसार, मंत्रालय जल्द ही एक और बैठक आयोजित करेगा जिसमें सभी एयरलाइन ऑपरेटरों को बुलाया जाएगा ताकि इस तरह की स्थिति दोबारा न बने और यात्रियों को बेहतर सेवा प्रदान की जा सके।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इंडिगो ने शनिवार तक देशभर में 1650 फ्लाइट्स को फिर से ट्रैक पर ला दिया है और उड़ानों की नियमितता बहाल करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। साथ ही, यह भी निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों को आगे किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
