CG Youth Empowerment: युवाओं से सीधा संवाद,डिप्टी सीएम ने लॉन्च की नई वेबसाइट…NV News
Share this
रायपुर/(CG Youth Empowerment): छत्तीसगढ़ सरकार ने युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए राज्य युवा आयोग की नई वेबसाइट लॉन्च की है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल-युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बुधवार को इसका औपचारिक शुभारंभ किया। आधुनिक डिजाइन और सरल इंटरफेस वाली यह वेबसाइट युवाओं को आयोग की योजनाओं, गतिविधियों और करियर से जुड़ी उपयोगी जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगी।
लॉन्चिंग कार्यक्रम में उप सीएम ने कहा कि, आज के समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल सूचना का साधन नहीं, बल्कि युवाओं को दिशा देने का मजबूत माध्यम बन चुका है। इसी सोच के साथ नई वेबसाइट तैयार की गई है, ताकि राज्य के युवा बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं, प्रतियोगिताओं, ट्रेनिंग प्रोग्राम और रोजगार अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि, युवाओं को समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और यह पोर्टल उसी दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
नवप्रवर्तित वेबसाइट में इंटरएक्टिव फीचर्स जोड़े गए हैं, जिनकी मदद से युवा सीधे आयोग से संवाद कर सकेंगे। वेबसाइट पर सुझाव, शिकायत, और फीडबैक दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है। इससे आयोग को युवा वर्ग की जरूरतों, समस्याओं और उम्मीदों को समझने में आसानी होगी, साथ ही नीतियों और कार्यक्रमों को और प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा। उप सीएम ने उम्मीद जताई कि,यह डिजिटल पहल युवाओं को प्रशासन से जोड़ने का नया सेतु बनेगी और उनकी सहभागिता बढ़ाएगी।
कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने बताया कि वेबसाइट को युवा-हितैषी बनाते हुए उसमें कई नई श्रेणियां जोड़ी गई हैं। इसके माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मददगार सामग्री, खेल क्षेत्र से जुड़े अपडेट, और युवा विकास कार्यक्रमों की जानकारी लगातार उपलब्ध कराई जाएगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनूजा सलाम और उप संचालक रश्मि ठाकुर ने भी इस पहल को समय की जरूरत बताया।
नई वेबसाइट के लॉन्च के साथ ही राज्य सरकार ने संकेत दिया है कि,आने वाले दिनों में युवाओं के लिए और भी डिजिटल सेवाएं शुरू की जाएंगी। डिजिटल तकनीक के माध्यम से युवाओं को अवसरों और संसाधनों से जोड़ना सरकार का मुख्य लक्ष्य है। इस पहल से न केवल शहरी बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों के युवा भी लाभान्वित होंगे और राज्य में युवा नेतृत्व को नई दिशा मिलेगी।
