छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: कल से प्रदेश में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। राज्य के मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, कल यानी 1 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक द्रोणिका (trough) के प्रभाव से नमी आने की संभावना है, जिसके कारण आसमान में बादल छाए रहेंगे और छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से गरज-चमक, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की अधिक संभावना है, जबकि बस्तर संभाग में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की जा सकती है।

इस मौसमी बदलाव के कारण अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने के आसार हैं। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया था, जिससे अब लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, विभाग ने वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।

Share this