CG Weather Today: उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट, अगले दो दिन कड़ाके की ठंड के आसार
Share this
रायपुर। Cold Weather Alert, छत्तीसगढ़ में इस बार ठंड ने लोगों को अच्छी तरह ठिठुरा दिया है। मौसम में बदलाव की संभावना पहले से जताई जा रही थी, लेकिन अब ठंड और ज्यादा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।
अगले दो दिन तक ठिठुरेगा छत्तीसगढ़
Cold Weather Alert, मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दो दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
क्यों बढ़ी शीतलहर? जानिए वजह
Cold Wave Alert, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हाल ही में सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ी है। यह सिस्टम हिमालय और उत्तर भारत से ठंडी हवाओं को दक्षिण की ओर धकेलता है।
इसके साथ ही तेज रफ्तार जेट स्ट्रीम इन ठंडी हवाओं को मध्य भारत तक तेजी से पहुंचा देती है, जिससे उत्तर भारत की ठंड छत्तीसगढ़ में भी महसूस होने लगती है। खासतौर पर रात के समय तापमान तेजी से गिरता है और सुबह-शाम ठंड ज्यादा सताती है।
मौसम वैज्ञानिकों का उदाहरण
Western Disturbance Effect, मौसम वैज्ञानिक इसे आसान भाषा में समझाते हुए कहते हैं कि जैसे अगर फ्रिज का दरवाजा खुला हो और पंखा चल रहा हो, तो ठंडी हवा दूर तक फैल जाती है। मौजूदा हालात में पश्चिमी विक्षोभ फ्रिज और जेट स्ट्रीम पंखे की तरह काम कर रहे हैं, जिससे ठंडी हवाएं छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही हैं।
