Cg weather: छत्तीसगढ़ में बढ़ी कड़ाके की ठंड: रायपुर समेत कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर चलने के साथ-साथ सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ने की संभावना है।

 

इन जिलों में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर के प्रभाव की चेतावनी जारी की है। रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के कारण शीतलहर का असर भी देखा जा सकता है।

 

राजधानी रायपुर में मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में अगले दो दिनों तक सुबह के समय कोहरा और रात में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। आज रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से ठंड के मौसम को देखते हुए सतर्क रहने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

Share this