CG Weather: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर: कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी, पारा और गिरेगा

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई जिलों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड के साथ घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर सहित उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर का असर साफ नजर आ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चली है और आने वाले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। खासकर उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में ठंड का असर और तेज होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में तापमान में गिरावट की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में रात और सुबह के समय ठंड अधिक सताने वाली है।

वहीं राजधानी रायपुर में अगले दो दिनों तक घना कोहरा छाए रहने और कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। आज रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से ठंड के मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक एहतियात अपनाने की अपील की है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Share this

You may have missed