CG Weather Alert: गरज-चमक के साथ बारिश का खतरा, जशपुर में आकाशीय बिजली गिरने से मजदूर की मौत…NV News
Share this
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं, वहीं मौसम विभाग ने वज्रपात (आकाशीय बिजली) को लेकर चेतावनी जारी की है।
इसी बीच जशपुर जिले से दुखद खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, दुलदुला क्षेत्र में काम कर रहे 51 वर्षीय मजदूर पर अचानक बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं, बादलों की गर्जना और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के मौसम में खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या अस्थायी शेड में रहना खतरनाक हो सकता है। ग्रामीण इलाकों में काम कर रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली से होने वाली घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। पिछले दो वर्षों में राज्य में 400 से अधिक लोगों की मौत बिजली गिरने से हो चुकी है, जो चिंता का विषय है।
