“CG Vacancy Update”: जिले में जनवरी में अग्निवीर भर्ती रैली, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर…NV News

Share this

धमतरी/(CG Vacancy Update): जिले के युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती होने का सुनहरा अवसर जल्द ही आने वाला है। भारतीय सेना द्वारा जनवरी माह में धमतरी में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित किए जाने की संभावना है। इसी को लेकर आज सेना के वरिष्ठ अधिकारी कर्नल अरुण कालिया, मेजर रूबेश कुमार और अधिकारी गोहन सुंदरम ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार से मुलाकात कर रैली की तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि जिले के युवाओं को देश सेवा का अवसर मिलना गर्व की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए पुख्ता इंतजाम करने की बात कही।

इस दौरान एसडीएम (SDM) पीयूष तिवारी ने सेना अधिकारियों को स्थानीय इंडोर स्टेडियम खेल मैदान का निरीक्षण कराया। उन्होंने बताया कि रैली के लिए मैदान में आधारभूत ढांचा, पीने का पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं, यातायात प्रबंधन और शैक्षिक पटल जैसी सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

गौरतलब है कि अग्निवीर योजना, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अग्निपथ योजना का हिस्सा है। इस योजना के तहत युवाओं को चार साल की सेवा अवधि दी जाती है। सेवा पूरी होने के बाद 25 प्रतिशत चयनित अग्निवीरों को स्थायी रूप से सेना में शामिल किया जाता है।

भर्ती रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 17.5 से 23 वर्ष निर्धारित है। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 10वीं पास से लेकर स्नातक तक है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, चिकित्सा जांच और दस्तावेज सत्यापन शामिल होंगे।

कलेक्टर मिश्रा ने जिले के युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और देश सेवा के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने का गर्वपूर्ण मौका है।

इस भर्ती रैली से न केवल जिले के युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि उन्हें अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की सीख भी मिलेगी। जनवरी में आयोजित होने वाली इस रैली को लेकर जिला प्रशासन और सेना मिलकर व्यापक तैयारियां कर रहे हैं ताकि अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Share this

You may have missed