प्रशासनिक संकट: आज से तहसीलदारों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, BJP विधायक की गिरफ्तारी पर अड़े अधिकारी…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ में कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का आक्रोश अब चरम पर पहुंच गया है. नायब तहसीलदार तुषार मानिक से मारपीट के मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आज (सोमवार) से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं. छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर सभी अधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे, जिससे पूरे प्रदेश में राजस्व और अन्य महत्वपूर्ण शासकीय कामकाज ठप होने की आशंका है।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि इस गंभीर घटना के विरोध में बीते 29 मई को भी पूरे प्रदेश में सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया गया था. उस दौरान शासन-प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासनिक अल्टीमेटम के बावजूद अब तक मुख्य आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है. इस ढुलमुल रवैये से सूबे के राजस्व अधिकारियों और कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों में गहरा असंतोष और असुरक्षा की भावना है।

अधिकारियों का साफ कहना है कि जब तक बीजेपी विधायक और घटना के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं होती, तब तक यह आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा. इस हड़ताल के कारण जमीन की रजिस्ट्री, नामांतरण, जाति-निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी नागरिक काम पूरी तरह प्रभावित होंगे. अब देखना होगा कि शासन इस प्रशासनिक गतिरोध को दूर करने के लिए क्या कड़े कदम उठाता है।

Share this

You may have missed