CG Suicide Case: झूठे दुष्कर्म केस में फंसा इंजीनियर, जमानत पर छूटते ही खत्म की जिंदगी…NV News
Share this
बिलासपुर/(CG Suicide Case): बिलासपुर में प्यार और विश्वासघात की एक दर्दनाक कहानी सामने आई है। शहर के 30 वर्षीय इंजीनियर गौरव सवन्नी ने शनिवार देर रात उसलापुर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। गौरव दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वहीं उसकी दोस्ती एक युवती से हुई, लेकिन यह रिश्ता उसके जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी साबित हुआ।
जानकारी के मुताबिक, युवती ने कुछ समय पहले गौरव पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। करीब 15 दिन पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था और तब से बिलासपुर में अपने परिवार के साथ रह रहा था।
घर लौटने के बाद से ही गौरव गहरे मानसिक तनाव में था। शनिवार की शाम वह अचानक बिना मोबाइल फोन लिए घर से निकल गया। कुछ देर बाद जब परिवार ने उसका मोबाइल देखा तो स्क्रीन पर ही एक युवती का नाम और आत्महत्या करने का जिक्र लिखा मिला। यह देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
रातभर खोजबीन के बाद पुलिस और परिजनों ने गौरव की लाश उसलापुर रेलवे ट्रैक पर पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम कराया और मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार वालों ने कहा कि,गौरव की जिंदगी में सब कुछ ठीक चल रहा था। वह मेहनती और शांत स्वभाव का था। दिल्ली में काम करते हुए उसकी मुलाकात एक लड़की से हुई और दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। लेकिन अचानक युवती ने उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर मामला दर्ज करा दिया। इससे गौरव पूरी तरह टूट गया था।
गौरव के पिता अशोक सवन्नी, जो रिटायर्ड फूड इंस्पेक्टर हैं, ने बताया कि जेल से छूटने के बाद उनका बेटा बार-बार चुपचाप रहता था और किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। उन्होंने यह भी कहा कि आरोप झूठा था और बेटे को बदनाम करने के लिए लगाया गया था।
पुलिस का कहना है कि गौरव के मोबाइल में मिले सुसाइड नोट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। मामला संवेदनशील होने के कारण हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
इस घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि झूठे मामलों में फंसाकर किसी की जिंदगी बर्बाद करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं होती। गौरव की मौत ने प्यार और विश्वासघात के बीच फंसी इस त्रासदी को और भी दर्दनाक बना दिया।
