CG Stabbing Case: साथ चलने से इनकार पर युवक ने की दो भाइयों पर हमला, एक की मौत…NV News
Share this
रायपुर/(CG Stabbing Case): राजधानी में एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात ने शहर को दहला दिया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल है। आरोपी युवक ने साथ चलने से इनकार करने पर दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक विवेक टांडी और उसका भाई सुमित टांडी रात में बाजार चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला आरोपी कृष्णा देवार उर्फ तोडू वहां पहुंचा और दोनों भाइयों से बाइक पर साथ चलने की जिद करने लगा। भाइयों ने घर जाने की बात कहते हुए उसके साथ जाने से मना किया, जिस पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर कृष्णा ने जेब से चाकू निकालकर दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में विवेक टांडी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, छोटा भाई सुमित टांडी अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कृष्णा देवार उर्फ तोडू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि हमले के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सके।
इस वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही रायपुर के मुजगहन क्षेत्र में जादू-टोने के शक में एक युवक की हत्या हुई थी। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से शहरवासी दहशत में हैं और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
