CG Road Accident: फिल्म देखकर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो खड़े ट्रक से टकराई, 5 की मौत… NV News

Share this

कोंडागांव/(CG Road Accident): छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। नेशनल हाईवे-30 पर मसोरा टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जीवन-मौत से जूझ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे। सभी लोग कोंडागांव में थिएटर में फिल्म देखकर अपने गांव बड़े डोंगर भैंसाबेड़ा लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे के आसपास उनकी कार मसोरा टोल प्लाजा के पास खड़े ट्रक से जोरदार तरीके से टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि,हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि, आस-पास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े।

टक्कर के तुरंत बाद तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। बाकी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य दो लोगों की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान लखन माड़वी, भूपेंद्र माड़वी, रूपेश माड़वी, नूतन मांझी और शत्रुघ्न मांझी के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और बड़े डोंगर भैंसाबेड़ा गांव के रहने वाले थे। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश भी की जा रही है, जो हादसे के बाद मौके से गायब बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरा हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

कोंडागांव का यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात में हाईवे पर खड़े भारी वाहनों के खतरे की ओर इशारा करता है। परिवार की एक खुशी भरी रात पलभर में मातम में बदल गई, जिसे देखकर हर कोई भावुक है।

Share this

You may have missed