CG Road Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मां-बेटी की मौत, पिता जिंदगी और मौत से जूझ रहे…NV News

Share this

दुर्ग/(CG Road Accident): जिले के गया नगर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार महिला और उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।

दरअसल, यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब विकाश साहू अपनी पत्नी मोनिका साहू (28) और बेटी वामीका (1.5 वर्ष) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मां-बेटी सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने मोनिका और वामीका को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकाश की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में मातम छा गया। आस-पड़ोस के लोग और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचकर रो पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह भीषण दुर्घटना हुई।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक झटके में खुशहाल परिवार उजड़ गया।एक मां और मासूम बेटी की जिंदगी थम गई, जबकि पिता अब अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के शव को पीएम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई जारी है।

Share this

You may have missed