CG Rajat Mahotsav: रामनामी समाज की भक्ति ने छुआ PM मोदी का दिल, CM साय बोले- यह आस्था का संगम है…NV News
Share this
रायपुर/(CG Rajat mahotsav): छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर राजधानी रायपुर में आयोजित रजत महोत्सव के दौरान एक भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रामनामी समाज के प्रतिनिधियों की आत्मीय भेंट ने पूरे कार्यक्रम का केंद्र बिंदु बना लिया। इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
CM विष्णुदेव साय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इसे “आस्था से भरा और प्रेरणादायी क्षण” बताया। उन्होंने लिखा कि “प्रधानमंत्री मोदी की विनम्रता और रामनामी समाज की भक्ति ने पूरे छत्तीसगढ़ का हृदय छू लिया।”
CM साय ने बताया कि,PM मोदी के रायपुर आगमन से कुछ घंटे पहले मंत्रालय में रामनामी समाज के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने की अपनी गहरी इच्छा प्रकट की थी। इस अनुरोध पर प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की और रजत महोत्सव के दौरान यह ऐतिहासिक मुलाकात संभव हुई।
मंच पर पहुंचने पर रामनामी समाज के श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने पारंपरिक मोर मुकुट से अलंकृत करने की इच्छा जताई। PM ने अत्यंत सहजता और आत्मीयता से इसे स्वीकार किया। जैसे ही यह दृश्य मंच पर घटित हुआ, पूरा पंडाल तालियों की गूंज से भर उठा। लोगों ने इसे श्रद्धा और समर्पण का अनोखा संगम बताया।
CM साय ने कहा कि “रामनाम ही जिनका धर्म और रामभक्ति ही जिनका कर्म है, ऐसा अद्भुत रामनामी समाज हमारे राज्य की आध्यात्मिक पहचान है। उनके तन पर अंकित ‘राम’ केवल एक शब्द नहीं, बल्कि तपस्या, समर्पण और अटूट आस्था का प्रतीक है।”
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी की यह आत्मीयता दर्शाती है कि उनके जीवन में भक्ति केवल आचरण नहीं, बल्कि जीवन का मार्ग है। यह घटना इस बात का प्रतीक है कि श्रद्धा और सेवा का मेल ही सच्ची भक्ति है।
छत्तीसगढ़ की भूमि पर आयोजित यह क्षण न केवल राज्य की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि आस्था और प्रेम से बढ़कर कोई शक्ति नहीं। प्रधानमंत्री मोदी और रामनामी समाज की यह मुलाकात आने वाले वर्षों तक लोगों के दिलों में श्रद्धा और प्रेरणा का प्रतीक बनी रहेगी।
