CG Railway Case: महिला क्लर्क का आरोप – अफसर के अश्लील मैसेज, फोटो मांगकर पूछा कहां मिलोगी?…NV News 

Share this

बिलासपुर/(CG Railway Case): छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में एक वरिष्ठ अधिकारी पर महिला कर्मचारी से ऑनलाइन और व्यक्तिगत रूप से छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर ज़ोन में पदस्थ डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर कौशिक मित्रा पर चांपा स्टेशन में पदस्थ एक महिला कमर्शियल क्लर्क ने अनचाहे संदेश भेजने, आपत्तिजनक सवाल पूछने और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

पीड़िता के अनुसार, अधिकारी पिछले कई महीनों से लगातार व्हाट्सएप पर निजी मैसेज भेजकर उसे परेशान कर रहा था। महिला कर्मचारी का कहना है कि,अधिकारी उससे बार-बार जिम से अपनी तस्वीरें भेजने का आग्रह करता था,और निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछता था, जिनमें यह तक शामिल था कि, उसका कोई बॉयफ्रेंड है या नहीं। आरोप यह भी हैं कि, अधिकारी ने उससे यह जानने की कोशिश की कि,वह उससे कहां “कंफर्टेबल होकर” मिल सकती है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान और असहज हो गई।

बता दें,घटना बढ़ने पर महिला कर्मचारी ने लिखित रूप से पूरे मामले की शिकायत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (GM) को सौंपी। शिकायत पत्र में उसने 12 बिंदुओं में सभी घटनाओं का विस्तार से उल्लेख किया है। शिकायत मिलने के बाद भी पीड़िता का आरोप है कि, विभागीय जांच की रफ्तार बेहद धीमी है। दो महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद किसी ठोस कार्रवाई का नज़र न आना उसके भीतर असुरक्षा और रोष पैदा कर रहा है।

पीड़िता का कहना है कि, वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया और फाइल को जानबूझकर दबा दिया गया। इसके चलते वह न केवल मानसिक तनाव में है बल्कि उसे अपनी नौकरी और कार्यस्थल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है।

रेलवे कर्मचारियों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। कई कर्मचारी इस बात से नाराज़ हैं कि, शिकायत के बावजूद जांच आगे नहीं बढ़ रही। उनका कहना है कि, संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और कार्यस्थल का माहौल सुरक्षित बना रहे।

पीड़िता ने उम्मीद जताई कि, रेलवे प्रशासन मामले की गंभीरता को समझते हुए निष्पक्ष और त्वरित जांच करेगा, ताकि सच सामने आए और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकें।

Share this

You may have missed