CG News: बाबा गुरु घासीदास को अपमानित करने पर सतनामी समाज भड़का, FIR की मांग…NV News

Share this

धमतरी/(CG News): सतनामी समाज के आराध्य बाबा गुरु घासीदास जी के प्रति अपमानजनक टिप्पणी और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रदेशभर में सतनामी समाज के लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया है। रायगढ़ के एक युवक द्वारा की गई इस अभद्र टिप्पणी को लेकर समाज के लोग नाराज हैं और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मामले को लेकर धमतरी जिले में भी विरोध का माहौल गर्म है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को आवेदन सौंपते हुए कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के अपमान से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, इसलिए आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाए।

समाज के लोगों का कहना है कि, बाबा गुरु घासीदास जी ने हमेशा सत्य, अहिंसा और समानता का संदेश दिया है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा उनके खिलाफ अपशब्द कहना न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि सामाजिक सौहार्द्र के लिए भी खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

दरअसल,रायगढ़ निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था जिसमें वह बाबा गुरु घासीदास जी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में सतनामी समाज के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

धमतरी पुलिस ने समाज के प्रतिनिधियों का आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है। आरोपी की पहचान कर जल्द ही उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सतनामी समाज ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि,भविष्य में ऐसे घटनाओं को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाई जाए और धार्मिक या सामाजिक विभाजन फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। समाज के नेताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य शांति और सामाजिक समरसता बनाए रखना है, लेकिन अपने आराध्य के अपमान को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share this

You may have missed