CG Liquor Scam: महीनों बाद कोर्ट पहुंचे कवासी लखमा, स्वास्थ्य को लेकर लगाए गंभीर आरोप
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोर्ट में पेश किया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें कई महीनों बाद कोर्ट लाया गया है।
‘नियमित पेशी में नहीं लाया जा रहा’ – कवासी लखमा
कोर्ट पेशी के दौरान कवासी लखमा का बड़ा बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद से अब तक उन्हें नियमित रूप से पेशी में नहीं लाया जा रहा था। बार-बार अपनी बात दोहराते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी जांच के लिए बाहर जाने का अवसर तक नहीं दिया गया।
हार्ट, बीपी, शुगर सहित कई बीमारियों का दावा
कवासी लखमा ने बताया कि उन्हें हार्ट की समस्या, ब्लड प्रेशर, शुगर, घुटनों में दर्द और हड्डियों से जुड़ी गंभीर परेशानी है। इसके बावजूद जेल प्रशासन द्वारा न तो समुचित मेडिकल जांच कराई जा रही है और न ही उन्हें उचित इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
‘जेल में प्रॉपर ट्रीटमेंट नहीं मिल रहा’
पूर्व मंत्री ने कहा कि जेल में उन्हें सही और समय पर इलाज नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
भावुक बयान: ‘अब भगवान ही रक्षा करें’
कोर्ट परिसर में कवासी लखमा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि अब भगवान ही उनकी रक्षा कर सकते हैं। पेशी के दौरान उनके चेहरे पर लंबे समय बाद जेल से बाहर आने की बेचैनी और छटपटाहट साफ दिखाई दी।
