CG Liquor News: छत्तीसगढ़ मे इस दिन शुष्क दिवस, प्रदेशभर में बंद रहेंगी शराब दुकानें
Share this
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मदिरा प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। राज्य शासन ने 18 दिसंबर, बुधवार को पूरे प्रदेश में शुष्क दिवस (Dry Day) घोषित किया है। इस दिन प्रदेशभर की सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी और मदिरा का क्रय-विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
दरअसल, 18 दिसंबर को छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में गुरु घासीदास जयंती मनाई जाएगी। इसी अवसर पर राज्य सरकार द्वारा शुष्क दिवस घोषित किया गया है। शासन के आदेश के अनुसार इस दिन समस्त देशी, विदेशी, कम्पोजिट और प्रीमियम मदिरा की फुटकर दुकानें, साथ ही एफ.एल.-3 श्रेणी के बार, सपना बार एंड रेस्टोरेंट एवं मद्य भंडागार पूर्णतः बंद रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस के दौरान मदिरा का संपूर्ण संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई व्यक्ति शराब पीते या पिलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गुरु घासीदास जयंती का महत्व
गुरु घासीदास जयंती भारत के महान समाज सुधारक और सतनामी संप्रदाय के संस्थापक गुरु घासीदास की स्मृति में मनाई जाती है। उनका जन्म 18 दिसंबर 1756 को छत्तीसगढ़ में हुआ था। गुरु घासीदास ने अपना संपूर्ण जीवन सत्य, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के मूल्यों के प्रचार-प्रसार में समर्पित कर दिया।
उन्होंने शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया और समाज को एकता, भाईचारे और समान अधिकार का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी लोगों को प्रेरित करती हैं और सत्य, ईमानदारी एवं करुणा से परिपूर्ण जीवन जीने का मार्ग दिखाती हैं।
