CG Land Scam:मृत महिला को बताया जिंदा, जमीन पर कब्जे की साजिश!…NV News 

Share this

रायपुर/(CG Land Scam): राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में फर्जीवाड़े का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मृत महिला को जिंदा दिखाकर उसकी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने और वास्तविक भू-स्वामियों को धमकाने का आरोप लगा है। इस मामले में होटल कारोबारी गुरुचरण सिंह होरा और बीजेपी तेलीबांधा मंडल अध्यक्ष दलविंदर सिंह बेदी समेत सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

शिकायत रिटायर्ड शिक्षक देवनाथ देवागन ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि आरोपियों ने मृत महिला चमारिन बाई को जिंदा दिखाते हुए 1999 में उसकी जगह एक फर्जी महिला से रजिस्ट्री करा दी, जबकि सरकारी दस्तावेजों के अनुसार चमारिन बाई की मौत वर्ष 1980 में हो चुकी थी। इस फर्जी दस्तावेज के आधार पर न केवल प्लॉटों की रजिस्ट्री की गई, बल्कि बाद में उन्हीं जमीनों पर असली मालिकों को कब्जा नहीं करने दिया गया।

पीड़ित पक्ष ने बताया कि न्यायालय पहले ही इन रजिस्ट्रियों को अवैध और शून्य घोषित कर चुका है, फिर भी आरोपियों ने जमीन पर कब्जे की कोशिश जारी रखी। जब भू-स्वामियों ने निर्माण कार्य शुरू किया, तो होरा और उसके साथियों ने वहां पथराव किया और निर्माण सामग्री फेंकवा दी। बताया जा रहा है कि उन्होंने धमकी दी, “यह जमीन गुरुचरण भैया की है, यहां कोई निर्माण नहीं होगा।”

पुलिस के अनुसार, आरोपी गुरुचरण सिंह होरा ने अपने रिश्तेदारों- रंजीत सिंह, मंजीत सिंह, इंदरपाल सिंह, हरपाल सिंह, अविनाश सिंह और बीजेपी पदाधिकारी दलविंदर सिंह बेदी के साथ मिलकर यह साजिश रची। सभी पर धारा 420, 467, 468, 471, 506, और 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज हुआ है।

कारोबारी गुरुचरण सिंह होरा पर पहले भी फर्जीवाड़े और जमीन विवाद के कई मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब पूरे प्रकरण की दोबारा जांच कर रही है और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी में है।

इस मामले ने रायपुर के रियल एस्टेट सर्कल में हलचल मचा दी है। भू-स्वामियों का कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई न हुई, तो ऐसे फर्जीवाड़े आम लोगों की संपत्ति के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।

Share this

You may have missed