CG Jawan martyred: ऑपरेशन से लौटते समय एक्सीडेंटल फायरिंग, डीआरजी जवान की मौत

Share this

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के एक जवान की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। ऑपरेशन से लौट रहे जवान के हथियार से अचानक गोली चल गई, जिससे आगे चल रहे डीआरजी के एक जवान को गोली लग गई। इस घटना में जवान की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर को डीआरजी की टीम एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थी। 21 दिसंबर की सुबह जब जवान अभियान पूरा कर लौट रहे थे, तभी एक जवान के हाथ से अचानक फायर हो गया। यह फायरिंग पूरी तरह से एक्सीडेंटल बताई जा रही है।

इस हादसे में आगे चल रहे डीआरजी के आरक्षक बलदेव सिंह हुर्रा को सिर के पास गोली लगी। गोली लगते ही जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी जवानों ने तुरंत घायल आरक्षक को धौड़ाई अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि गोली लगने से जवान के सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक जवान डीआरजी में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले में पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जवान के निधन की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Share this

You may have missed