CG Ganja Smuggling: साड़ी बेचने की आड़ में गांजा कारोबार,70 किलो माल के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार…NV News

Share this

रायपुर/(CG Ganja Smuggling): राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने संयुक्त ऑपरेशन में 70 किलो गांजा जब्त किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं, जो महाराष्ट्र और ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जानकारी अनुसार,आरोपी करीब एक महीने पहले रायपुर पहुंचे थे और साड़ी बेचने के बहाने यहां किराए के मकान में रह रहे थे। दिखावे में साड़ी की बिक्री करते हुए ये लोग शहर और आसपास के इलाकों में गांजे की सप्लाई कर रहे थे। टीम को सूचना मिली कि,ये तस्कर कार में घूम-घूमकर ग्राहकों तक माल पहुंचा रहे हैं। इस पर पुलिस ने जाल बिछाकर घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 70 किलो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से रायपुर और आसपास के जिलों में नशे का कारोबार फैला रहे थे। ये लोग सस्ते दाम पर गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर, भिलाई और बिलासपुर जैसे शहरों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ा हुआ है, जो लंबे समय से सक्रिय था।

गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं और नशे की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। अधिकारियों का मानना है कि यह कार्रवाई शहर में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता साबित होगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Share this

You may have missed