CG employee strike: छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का ‘काम बंद–कलम बंद’ आंदोलन शुरू, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने अपनी लंबित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आज से ‘काम बंद–कलम बंद’ आंदोलन की शुरुआत कर दी है। यह आंदोलन 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। फेडरेशन का कहना है कि सरकार को कई बार ज्ञापन सौंपने और संवाद के प्रयासों के बावजूद कर्मचारियों एवं अधिकारियों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

 

फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा और यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आगे आंदोलन और तेज किया जा सकता है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए फेडरेशन द्वारा टेबल-टू-टेबल संपर्क अभियान भी तेज कर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी और अधिकारी इसमें भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

 

इस बीच राजपत्रित अधिकारी संघ ने भी आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है। संघ के समर्थन से आंदोलन को और मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से वेतन विसंगति, पदोन्नति, भत्तों और अन्य प्रशासनिक मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल पाया है।

 

राज्य भर के सरकारी कार्यालयों में आंदोलन का असर दिखाई देने लगा है, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

Share this

You may have missed