CG Elephant News: रात में घर में घुसा हाथी, सो रहे ग्रामीण को कुचलकर मौत; तीन दिनों में तीसरी जान गई

Share this

कोरबा। कोरबा जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात हाथी के हमले में एक और ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महेंदा सिंह मंझवार (45 वर्ष) के रूप में हुई है। यह घटना ग्राम गौर बोरा, ग्राम पंचायत अजगर बहार, वन परिक्षेत्र बालको की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंदा सिंह रात के समय अपने घर के भीतर सो रहा था। इसी दौरान जंगल से भटककर आया एक हाथी अचानक घर में घुस गया और जमकर उत्पात मचाने लगा। हाथी ने सो रहे महेंदा सिंह को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को जानकारी दी। सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

 

तीन दिनों में तीसरी मौत

गौरतलब है कि इससे पहले कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में बीते दो दिनों के भीतर हाथी के हमले में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि जिले में मानव–हाथी संघर्ष अब गंभीर रूप ले चुका है।

लगातार मौतों से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग रात में घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।

इधर, हाथियों की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग की टीम पूरी तरह सतर्क हो गई है। वन अधिकारियों की टीम मौके पर कैंप कर रही है। विभाग का कहना है कि जानमाल की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आगे किसी प्रकार की जनहानि न हो।

Share this

You may have missed