“CG Drugs Case”: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, पुलिस ने कसा शिकंजा…NV News 

Share this

NV News: रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस और प्रशासन को हिला दिया। इस वीडियो में कुछ युवक-युवतियां खुलेआम ड्रग्स का सेवन करते दिखाई दिए। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों को चिन्हांकित कर पकड़ लिया।

चार युवकों पर 2-2 लाख का बाउंड ओवर:

वीडियो में शामिल चार वयस्क युवकों पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 2-2 लाख रुपये का बाउंड ओवर लगाया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंदन सोनकर (27), रितेश सोनी (24), शिवम धीवर (21) और तैफिउद्दीन (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी रायपुर के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं।

बता दें,पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों के बताए ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वहां से किसी तरह का मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। हालांकि, जांच को और पुख्ता करने के लिए पुलिस ने सभी आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

किशोरों को चेतावनी देकर छोड़ा गया:

वायरल वीडियो में कुछ नाबालिग किशोर भी नजर आए थे। पुलिस ने इन किशोरों को हिरासत में लेकर काउंसलिंग कराई और बाद में उन्हें उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों को अपराधी मानसिकता से दूर रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

एसएसपी ने दिए थे सख्त निर्देश:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जैसे ही यह वीडियो देखा, तुरंत आरोपियों की पहचान और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की टीम सक्रिय हुई और आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई।

रायपुर में ड्रग्स के खिलाफ अभियान:

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से रायपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। हाल ही में पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था, जिसके तार पाकिस्तान तक जुड़े पाए गए थे। इस मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना सहित कई ड्रग्स पेडलर्स और कुरियर बॉयज को गिरफ्तार किया था। आरोपी न केवल रायपुर बल्कि प्रदेश के अन्य शहरों में भी मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे।

Share this

You may have missed