CG में पुलिस की नाक के नीचे से भागा गांजा तस्कर: मेडिकल कराने लाए आरोपी ने दिया चकमा, SP ने ASI समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां के सिहावा क्षेत्र में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक शातिर तस्कर पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया। आरोपी के इस तरह भाग निकलने से पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद से ही जिले की पुलिसिंग पर सवाल उठ रहे थे, जिस पर अब बड़ी गाज गिरी है।

दरअसल, कुछ दिनों पहले सिहावा पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े मामले में नागपुर निवासी पलाश गजभिए को गिरफ्तार किया था। न्यायालयीन प्रक्रिया और रिमांड के तहत आरोपी का मेडिकल मुलाहिजा (स्वास्थ्य परीक्षण) कराना अनिवार्य था। इसी सिलसिले में पुलिस की एक टीम आरोपी को लेकर नगरी अस्पताल पहुंची थी। लेकिन अस्पताल परिसर में जैसे ही पुलिसकर्मियों का ध्यान थोड़ा भटका, आरोपी पलाश ने मौका पाकर दौड़ लगा दी और देखते ही देखते गायब हो गया।

पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने की खबर मिलते ही धमतरी पुलिस के उच्च अधिकारियों में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों की घोर लापरवाही को देखते हुए धमतरी एसपी (SP) सूरज सिंह परिहार ने कड़ा रुख अपनाया है। एसपी ने त्वरित एक्शन लेते हुए ड्यूटी पर तैनात एएसआई (ASI) सोनचंद डहरिया समेत कुल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।

फिलहाल फरार गांजा तस्कर पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। उसकी सरगर्मी से तलाश करने के लिए जिले के सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकिंग पॉइंट बनाकर नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दोबारा सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Share this

You may have missed