CG Crime News: बीच सड़क रेत के ढेर पर युवक की चाकू से गोदकर हत्या, मोबाइल बैलेंस को लेकर हुआ था विवाद
Share this
रायपुर: राजधानी रायपुर से लगे तिल्दा क्षेत्र के वार्ड-15 में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बीच सड़क रेत के ढेर पर एक युवक की लाश पड़ी मिली। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने रेत के ढेर पर युवक को पड़े देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब युवक को सीधा कर देखा तो उसके पेट, सीने समेत शरीर के कई हिस्सों में चाकू से किए गए गहरे वार के निशान मिले। मृतक की पहचान नेवरा निवासी ललित यादव के रूप में हुई है।
आखिरी बार दो नाबालिगों के साथ देखा गया
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि मृतक ललित को आखिरी बार दो नाबालिगों के साथ देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
मोबाइल बैलेंस बना हत्या की वजह
पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने बताया कि बीती रात उनके मोबाइल में बैलेंस नहीं था। उन्होंने ललित से मोबाइल मांगा, लेकिन सिम न होने का हवाला देकर उसने देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पेट और सीने पर किए कई वार
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों नाबालिगों ने साथ लाए चाकू से ललित के पेट, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार कर दिए। घायल अवस्था में ललित गली की ओर भागा, लेकिन रेत के ढेर पर गिर गया। इसके बाद दोनों नाबालिग मौके से फरार हो गए।
रातभर घायल पड़ा रहा युवक
पुलिस के अनुसार, ललित पूरी रात घायल अवस्था में रेत के ढेर पर पड़ा रहा, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
