CG Crime News: दोस्ती कर शादी का झांसा देकर होटल में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Share this

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। युवक ने दोस्ती के बाद शादी का झूठा आश्वासन देकर होटल में युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला थाना कवर्धा क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 534/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 में मामला दर्ज किया गया। आरोपी युवक का नाम वीरू साहू बताया गया है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसे विवाह का भरोसा दिलाकर 1 और 4 नवंबर को कवर्धा स्थित होटल दक्ष पैलेस ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। बाद में आरोपी ने शादी से साफ इनकार करते हुए पीड़िता से संपर्क भी तोड़ लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने घटना स्थल होटल दक्ष पैलेस का निरीक्षण किया और होटल के गेस्ट एंट्री रजिस्टर को जब्त किया। पीड़िता का बयान दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

आरोपी वीरू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Share this

You may have missed