CG Crime News: 48 घंटे में पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी गई तिजोरी से लाखों का माल बरामद

Share this

रायगढ़। फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई चोरी की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गई तिजोरी बरामद कर ली है। पुलिस की विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास सघन सर्च अभियान चलाया।

झाड़ियों में मिली बंद तिजोरी

सर्च अभियान के दौरान न्यू अग्रोहा धाम भवन के पीछे झाड़ियों में चोरी गई तिजोरी बंद हालत में बरामद की गई। इसके बाद प्रार्थी आलोक अग्रवाल एवं उनके परिजनों की उपस्थिति में तिजोरी खुलवाई गई।

तिजोरी से जेवरात और नकद सुरक्षित मिले

तिजोरी खोलने पर उसमें रखे शत-प्रतिशत सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि सुरक्षित पाई गई, जिससे प्रार्थी परिवार ने राहत की सांस ली।

29 दिसंबर को दर्ज हुई थी चोरी की रिपोर्ट

घटना को लेकर 29 दिसंबर को थाना कोतरारोड में गौरव अग्रवाल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके छोटे भाई आलोक अग्रवाल क्वार्टर नंबर 19, फ्रेंड्स कॉलोनी में रहते हैं।

रायपुर जाने के दौरान हुई चोरी

आलोक अग्रवाल 27 दिसंबर को निजी कार्य से रायपुर गए हुए थे। 29 दिसंबर की दोपहर घर की बाई ने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने और संदिग्ध स्थिति की जानकारी दी।

टूटी ग्रिल और बिखरा सामान देख मचा हड़कंप

मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि बेडरूम की ग्रिल टूटी हुई थी, ताले टूटे थे और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिससे अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने की पुष्टि हुई।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

थाना कोतरारोड में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 505/2028, धारा 331 (4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

54 तोला जेवर और 2 लाख नकद चोरी

घर स्वामी आलोक अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनके घर से तिजोरी और अलमारी में रखे करीब 54 तोला सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख रुपये नकद चोरी हुए थे।

साइबर सेल, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की जांच

घटना की सूचना मिलते ही साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

एसपी के निर्देश पर चला सर्च अभियान

एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम द्वारा व्यापक सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें चोरी गई तिजोरी बरामद करने में सफलता मिली।

25.64 लाख का माल बरामद

बरामद तिजोरी से 27 तोला सोने के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है, साथ ही 64 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। कुल करीब 25.64 लाख रुपये का माल रिकवर किया गया।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

पुलिस टीम चोरी गए शेष सामानों की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना कोतरारोड प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, करुणेश राय, टिकेश्वर यादव, राजेश खांडे, चंद्रेश पांडे, चूड़ामणि गुप्ता एवं साइबर सेल के स्टाफ की अहम भूमिका रही।

प्रार्थी पक्ष ने जताया आभार

चोरी गई तिजोरी और माल की सफल बरामदगी पर प्रार्थी पक्ष ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है।

Share this

You may have missed