CG Crime News: आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान बवाल, टीम प्रभारी बंधक, मुखबिर और चालक से मारपीट
Share this
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आबकारी विभाग की कार्रवाई उस समय हिंसक हो गई, जब ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने टीम प्रभारी को करीब ढाई घंटे तक बंधक बनाकर रखा, जबकि मुखबिर और वाहन चालक के साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान विभागीय वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम नारायण सिंह कंवर के नेतृत्व में स्कॉर्पियो वाहन से उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा गांव में कार्रवाई के लिए पहुंची थी। टीम में दो वर्दीधारी कर्मचारी, एक मुखबिर और वाहन चालक शामिल थे। कार्रवाई के दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों और टीम के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
ग्रामीणों ने आबकारी टीम को चारों ओर से घेर लिया और टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को बंधक बना लिया। वहीं मुखबिर पताड़ी निवासी प्रमोद देवांगन और स्कॉर्पियो चालक के साथ जमकर मारपीट की गई। हालात बिगड़ते देख अन्य कर्मचारी किसी तरह मौके से जान बचाकर निकलने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के उग्र रवैये के चलते पुलिस को वापस लौटना पड़ा। बाद में उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद टीम प्रभारी को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि मुखबिर प्रमोद देवांगन लगातार अवैध गतिविधियों की सूचना देकर कार्रवाई करवाता है और अवैध वसूली भी करता है। इसी आक्रोश में ग्रामीणों ने उसकी पिटाई की। मारपीट के दौरान आबकारी विभाग की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना के बाद सभी आबकारी अधिकारी और कर्मचारी उरगा थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि आबकारी विभाग की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
