CG Crime: स्टेडियम में दहशत फैलाने वाला नशेड़ी दबोचा गया…NV News

Share this

धमतरी/(CG Crime): शहर के इंडोर स्टेडियम परिसर में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने हाथ में चाकू लेकर लोगों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

जानकारी अनुसार, आरोपी की पहचान प्रदीप बंजारे, निवासी रामसागरपारा, धमतरी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक कुछ देर तक स्टेडियम परिसर में घूमता रहा और अचानक चाकू निकालकर आसपास मौजूद लोगों पर झपटने की कोशिश करने लगा। इस दौरान लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचते ही स्थिति को नियंत्रित किया और सावधानीपूर्वक युवक को पकड़ा। आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नशे की हालत में था और बेवजह लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदीप बंजारे के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 एवं शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक का आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है या उसने किसी अन्य वारदात में भाग लिया है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाने में दें, ताकि किसी भी संभावित हादसे को टाला जा सके। वही आरोपी को थाने में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर सख्त नजर रखी जाएगी।

Share this

You may have missed