CG Cow Smuggling: बाप-बेटे समेत दो गो-तस्कर गिरफ्तार, एक फरार…NV News
Share this
रायपुर/(CG Cow Smuggling): राजधानी रायपुर की खमतराई पुलिस ने गोवंश तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है। पकड़े गए आरोपितों में बाप-बेटे शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों के नाम उमेश दावड़े (36) निवासी टेका नगर, नागपुर (महाराष्ट्र) और विकास तिवारी (21) निवासी अमरपाटन, जिला सतना (मध्यप्रदेश) हैं। वहीं विकास का पिता विवेक तिवारी फरार चल रहा है।
जानकारी अनुसार, उमेश दावड़े आदतन गो-तस्कर है, जिसके खिलाफ छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई जिलों—जैसे बेमेतरा, राजनांदगांव और भंडारा—में गो-तस्करी के कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, वह बिलासपुर से करीब 30 मवेशियों को ट्रक में भरकर नागपुर ले जा रहा था। रास्ते में छह मवेशी ट्रक से कूद गए, जबकि बाकी 24 मवेशियों को रायपुर होते हुए नागपुर भेजने की कोशिश की जा रही थी।
एक नवंबर को खमतराई पुलिस को कैलाश नगर, बीरगांव निवासी प्रिंस सिंह परमार ने सूचना दी कि, एक ट्रक में अवैध रूप से भारी संख्या में गोवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मेटल पार्क क्षेत्र के पास धनेली नाला पर नाकाबंदी की। सुबह करीब चार बजे बताए गए ट्रक के पहुंचते ही चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर भाग गए।
तलाशी लेने पर ट्रक में 24 गोवंश नंदी मिले, जिनमें से पांच मृत पाए गए। पुलिस ने पाया कि, मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर और क्रूरतापूर्वक ट्रक में भरा गया था। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि, ट्रक का मालिक उमेश दावड़े ही है। पूछताछ में उसने तस्करी की बात कबूल करते हुए बताया कि, वह विवेक तिवारी और उसके बेटे विकास तिवारी के साथ इस काम में शामिल था। पुलिस ने उमेश और विकास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विवेक की तलाश जारी है।
फरार विवेक तिवारी पर भी पूर्व में गो-तस्करी का मामला दर्ज है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में थाना पामगढ़ (जांजगीर-चांपा) में कृषक पशु अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध हुआ था। पुलिस अब फरार आरोपित की तलाश के साथ इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई से रायपुर पुलिस ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि, प्रदेश में गोवंश तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम जारी रहेंगे।
