CG Collector Inspection News: नववर्ष 2026 में प्रशासनिक सख्ती, कलेक्टर का औचक निरीक्षण
Share this
रायपुर। नववर्ष 2026 के अवसर पर गरियाबंद जिले में प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली। कलेक्टर बी.एस. उड्के ने संयुक्त जिला कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शासकीय कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति, कार्यकुशलता, अनुशासन और स्वच्छता सुनिश्चित करना था।
कलेक्टर ने खाद्य विभाग, श्रम विभाग, योजना एवं सांख्यिकी, खनिज विभाग, निर्वाचन शाखा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाय), शिक्षा विभाग, आबकारी विभाग, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं लोक सेवा केंद्र सहित कई कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक शाखा में जाकर अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
अनुपस्थित कर्मचारियों पर नाराजगी, नोटिस और वेतन कटौती के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन समय में अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले शासकीय सेवकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन कटौती के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर बी.एस. उड्के ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शासकीय सेवकों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना अनिवार्य है। उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधीनस्थ कार्यालयों में भी समयपालन का सख्ती से पालन कराया जाए।
कार्यालयीन व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष जोर
कलेक्टर ने फाइलों के रख-रखाव, रिकॉर्ड संधारण और कार्यालयों की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बेहतर फाइल मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने और नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड में ही कार्यालय आने की हिदायत दी गई, जिससे कार्यालयीन अनुशासन और गरिमा बनी रहे।
केंटिन और लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित भुतेश्वर नाथ केंटिन के रसोई कक्ष का भी जायजा लिया। उन्होंने केंटिन संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में कलेक्टर लोक सेवा केंद्र पहुंचे, जहां आधार कार्ड में त्रुटि सुधार के लिए मैनपुर क्षेत्र से आई दो स्कूली छात्राओं की समस्या सामने आई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।
अधिकारियों को दी जिम्मेदारी
कलेक्टर बी.एस. उड्के ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल फाइलों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की सलाह दी।
