CG Coal Scam: ED के बाद ABC की कार्रवाई, सौम्या की संपत्ति कुर्क…NV News

Share this

रायपुर/(CG Coal Scam): छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में निलंबित राज्य सेवा अफसर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया पर शिकंजा कसता जा रहा है। एसीबी-ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चौरसिया की लगभग 8 करोड़ रुपये की 16 अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की गई है।

यह राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की पहली बड़ी कुर्की कार्रवाई मानी जा रही है। अदालत में पेश साक्ष्यों के आधार पर 16 जून 2025 को कुर्की का आवेदन दाखिल किया गया था। रायपुर स्थित विशेष न्यायालय ने मंगलवार को सुनवाई पूरी कर अंतरिम कुर्की आदेश जारी कर दिया।

रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई करोड़ों की संपत्तियां:

जांच में सामने आया कि सौम्या चौरसिया ने कोल लेवी और अन्य भ्रष्ट स्रोतों से कमाए गए धन से अपने करीबी रिश्तेदारों-सौरभ मोदी, अनुराग चौरसिया और अन्य के नाम पर लगभग 45 अचल संपत्तियां खरीदी थीं। इन संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 47 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

इनमें से 29 संपत्तियां (लगभग 39 करोड़ रुपये की) पहले ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा कुर्क की जा चुकी हैं। अब एसीबी-ईओडब्ल्यू ने बची हुई 16 संपत्तियों को जब्त किया है। ये सभी संपत्तियां रायपुर और आसपास के प्रमुख इलाकों में स्थित हैं।

कोल घोटाले में पहले ही जेल में हैं सौम्या:

सौम्या चौरसिया को कोल लेवी घोटाले में पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन पर आरोप है कि उन्होंने कोयला परिवहन और खनन कार्यों से अवैध वसूली कर करोड़ों रुपये की संपत्तियां बनाई। यह घोटाला छत्तीसगढ़ की राजनीति में लंबे समय से सुर्खियों में है और कई बड़े अफसरों व नेताओं के नाम इसमें सामने आ चुके हैं।

एसीबी-ईओडब्ल्यू अब इन संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस कुर्की से यह स्पष्ट हो गया है कि भ्रष्टाचार से अर्जित धन को छिपाने के लिए रिश्तेदारों और करीबी लोगों का इस्तेमाल किया गया था।

इस कार्रवाई के साथ ही सौम्या चौरसिया पर दबाव और बढ़ गया है। वहीं, राजनीतिक हलकों में इसे छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी भ्रष्टाचार-रोधी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

Share this

You may have missed