CG ACB News: एक दिन, दो ट्रैप… नक्शा पास कराने से लेकर नौकरी के आदेश तक, रिश्वत का खेल हुआ बेनकाब
Share this
बिलासपुर/सूरजपुर: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक ही दिन में दो बड़ी ट्रैप कार्रवाइयों को अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया। अलग-अलग मामलों में सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारी और कर्मचारी रंगे हाथों पकड़े गए।
मकान के नक्शे के बदले रिश्वत, बाबू और CMO गिरफ्तार
एक शिकायत के बाद एसीबी ने नगर पंचायत कार्यालय में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। आरोप है कि मकान निर्माण के लिए नक्शा पास कराने के बदले नगर पंचायत के बाबू द्वारा अवैध रकम की मांग की जा रही थी। जांच में सामने आया कि बाबू और CMO दोनों की सहमति से रिश्वत का सौदा तय किया गया था।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से 12 हजार रुपये बरामद किए गए। एसीबी ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ट्रैप के बाद आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई भी जारी है।
नियुक्ति आदेश के बदले लाखों की मांग, सहकारी निरीक्षक ट्रैप
दूसरी कार्रवाई में सहकारी समिति से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ। लेखापाल पद पर नियुक्ति आदेश जारी करने के नाम पर सहकारी निरीक्षक द्वारा पहले डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बातचीत के बाद रकम 80 हजार रुपये तय हुई और पहली किस्त के तौर पर 40 हजार रुपये लेते ही एसीबी ने जाल बिछा दिया।
निर्धारित समय और स्थान पर जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम अपनी जेब में रखी, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। आरोपी ने पैसे लेने के बाद अगले दिन नियुक्ति आदेश देने का भरोसा दिया था।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश
दोनों ही मामलों में एसीबी की त्वरित कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि रिश्वतखोरी से जुड़ी शिकायतों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
