Census 2027: सिर गिनने के साथ आपकी सुविधाओं का भी ‘लेखा-जोखा’ लेगी सरकार; जानें उन 33 सवालों की पूरी लिस्ट…NV News
Share this
नई दिल्ली: भारत की पहली पूरी तरह से डिजिटल जनगणना (Digital Census) की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जनगणना 2027 के पहले चरण में प्रत्येक परिवार से 33 विशिष्ट सवाल पूछे जाएंगे। इस बार का सर्वे सिर्फ जनसंख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपके घर की बनावट, डिजिटल पहुंच और आपके भोजन की आदतों की भी गहराई से जांच करेगा। प्रगणक (Enumerators) मोबाइल ऐप के जरिए डेटा दर्ज करेंगे, जिससे डेटा के विश्लेषण में पारदर्शिता और गति आएगी।
सवालों का दायरा: घर की छत से रसोई के चूल्हे तक
जनगणना 2027 का मुख्य फोकस ‘क्वालिटी ऑफ लाइफ’ पर है। इन 33 सवालों को मुख्य रूप से तीन श्रेणियों में बांटा जा सकता है:
1. घर की बनावट और स्थिति (Housing Details):
घर की फर्श, दीवार और छत में इस्तेमाल की गई मुख्य सामग्री (मटेरियल)।
घर का मालिकाना हक (स्वयं का या किराए का)।
परिवार के पास विशेष रूप से उपलब्ध कमरों की संख्या।
घर का मुख्य उपयोग (आवासीय, व्यावसायिक या मिश्रित)।
2. बुनियादी सुविधाएं और स्वास्थ्य (Amenities):
पीने के पानी का मुख्य स्रोत और उसकी उपलब्धता।
रोशनी (बिजली) का मुख्य स्रोत।
शौचालय का प्रकार और गंदे पानी की निकासी (Wastewater outlet) की व्यवस्था।
रसोई की उपलब्धता और LPG/PNG कनेक्शन की स्थिति।
खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाला मुख्य ईंधन।
3. डिजिटल पहुंच और संपत्ति (Assets & Digital Reach):
इंटरनेट की सुविधा: क्या परिवार के पास इंटरनेट एक्सेस है?
गैजेट्स: लैपटॉप, कंप्यूटर, स्मार्टफोन या मोबाइल फोन की उपलब्धता।
वाहन: साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, कार, जीप या वैन।
अन्य: रेडियो, ट्रांजिस्टर और टेलीविजन।
नया क्या है? (New Inclusions)
इस बार जनगणना में ‘मुख्य अनाज’ (Main Cereal Consumed) से जुड़ा सवाल भी शामिल किया गया है, ताकि देश की पोषण स्थिति का डेटा मिल सके। इसके अलावा, पहली बार मोबाइल नंबर केवल जनगणना संचार के लिए मांगा जाएगा। खास बात यह है कि इस बार ‘बैंकिंग सेवाओं’ से जुड़ा सवाल हटा दिया गया है, क्योंकि जनधन योजना के बाद इसकी प्रासंगिकता कम मानी गई है।
