सीमेंट प्लांट के वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत, 50 लाख मुआवजे की मांग को लेकर भड़के ग्रामीण…NV News
Share this
NV News- राजधानी रायपुर के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। बताया जा रहा है कि सीमेंट प्लांट के एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर ही शवों को रखकर चक्काजाम कर दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है और लंबी वाहनों की कतारें लग गई हैं।
ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिजनों के लिए तत्काल 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग रखी है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्लांट के भारी वाहनों की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन कोई ठोस सुरक्षात्मक कदम नहीं उठा रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि मृतकों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता दी जाए और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए भारी वाहनों के आवागमन पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित वाहन और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता कर उचित मुआवजा दिलवाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा, ताकि तनाव को कम किया जा सके।
