CBI की बड़ी स्ट्राइक: PF पास कराने के बदले घूस मांग रहा क्लर्क दबोचा, रंगे हाथों हुई गिरफ्तारी…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ CBI (केंद्रीय जांच ब्यूरो) की टीम ने छापेमारी कर कोयला खदानों से जुड़े CMPF (कोयला खान भविष्य निधि) विभाग के एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क की पहचान मनोहर लाल कौशिक के रूप में हुई है, जो एसईसीएल (SECL) कुसमुंडा क्षेत्र के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ है।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक खदान कर्मी अपने पीएफ (PF) का पैसा निकालने के लिए काफी समय से कार्यालय के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि क्लर्क मनोहर लाल ने काम करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित को काफी समय तक परेशान करने और बार-बार कार्यालय बुलाने के बाद, जब उसने पैसे की मांग की, तो कर्मी ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी।
सीबीआई ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाल बिछाया और जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम आरोपी के ठिकानों और कार्यालय के दस्तावेजों को भी खंगाल रही है।
कोरबा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में केंद्रीय विभाग के कर्मचारी की इस तरह की गिरफ्तारी से हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है। फिलहाल, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

