कार्बन फैक्ट्री में बॉयलर फटने से भीषण आग; जान बचाकर भागे 40 मजदूर, दमकल की गाड़ियां मौके पर…NV News
Share this
NV News 25 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कोरबा जिले में एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक कार्बन फैक्ट्री के बॉयलर में अचानक हुए जोरदार धमाके (ब्लास्ट) के बाद भीषण आग लग गई।
धमाके की आवाज और उठती लपटों को देख फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त फैक्ट्री में काम कर रहे करीब 30 से 40 मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटीं
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और दमकल विभाग (Fire Brigade) की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राहत की खबर:
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार समय रहते मजदूरों के बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आगजनी से फैक्ट्री में भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।
हादसे के कारणों की होगी जांच
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद बॉयलर में हुए ब्लास्ट के तकनीकी कारणों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच की जाएगी।

