BSF Jawaan Suicide: ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने खुद को मारी गोली, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

Share this

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक ने अपनी ही रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली सिर में लगने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी जवानों द्वारा तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

घटना 25 दिसंबर की सुबह नारायणपुर जिले के थाना कोहकमेटा क्षेत्र अंतर्गत कैंप कोड़नार की है। यहां ड्यूटी पर मौजूद आरक्षक क्रमांक 428 पिंगल जुरी ने अचानक अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनते ही कैंप में तैनात अन्य जवान मौके पर पहुंचे और घायल आरक्षक को तत्काल जिला अस्पताल नारायणपुर ले जाया गया।

 

हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही जवान की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बताया जा रहा है। फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना

 

इससे पहले भी जिले में इसी तरह की एक और घटना सामने आई थी। मृतक जवान सचिन कुमार, उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवासी थे और नारायणपुर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात थे। यह घटना सोनपुर क्षेत्र की थी।

 

17 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे ड्यूटी के दौरान जवान ने खुद को गोली मार ली थी। गोली की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे तो जवान लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर सोनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। साथ ही घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।

 

घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जवान द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Share this

You may have missed