तालाब से मिली 60 वर्षीय महिला की लाश: ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, मौत का कारण रहस्यमय
Share this
सक्ती। जिले के परसदा खुर्द गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने तालाब में एक महिला का शव तैरते हुए देखा। तुरंत इसकी सूचना सक्ती थाने को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना सक्ती थाना क्षेत्र के परसदा खुर्द की है। रोज़ की तरह सुबह गांव के लोग जब तालाब की ओर गए, तो पानी में एक महिला का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकलवाया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
मृत महिला की पहचान कोंदी बाई (60 वर्ष), निवासी परसदा खुर्द के रूप में की गई है। फिलहाल, मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ जारी है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा है, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत।
