रेण नदी में डूबे दोनों नाबालिगों के शव बरामद, 24 घंटे बाद खत्म हुआ सर्च ऑपरेशन; गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार…NV News
Share this
बिश्रामपुर (सूरजपुर): सूरजपुर जिले के महोरा एनीकेट (रेण नदी) में रविवार दोपहर डूबे दो किशोरों—अयान अंसारी (15 वर्ष) और आदिल अंसारी (12 वर्ष)—का पता चल गया है। रेस्क्यू टीम और गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद, सोमवार को दोनों के शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किए गए। रविवार से ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की निगरानी में गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी। शवों के मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जो पिछले 24 घंटों से किसी चमत्कार की आस लगाए बैठे थे।
छुट्टियों की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे का शिकार हुआ आदिल अंसारी मनेंद्रगढ़ के मदरसे में पढ़ता था और शबे-बारात की छुट्टियों में अपने ननिहाल शिवनंदनपुर आया हुआ था। रविवार को वह अपने बड़े भाई और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने एनीकेट गया था। नहाने के दौरान गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों भाई (अयान और आदिल) पानी के तेज बहाव में फंस गए। हालांकि उनके साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की गहराई काल बन गई।
