लाल किले के पास कार में धमाका: 8 की मौत, 24 घायल — एक संदिग्ध हिरासत में
Share this
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को लाल किले के पास जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में हुआ। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 घायल लोगों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। दिल्ली फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, धमाके के बाद 3 से 4 अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए। फिलहाल धमाके के कारणों की जांच जारी है, हालांकि पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ चल रही है।
घटना स्थल: लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1
यह इलाका दिल्ली का सबसे भीड़भाड़ वाला पर्यटक और बाजार क्षेत्र है। शाम के समय यहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक मौजूद रहते हैं। चश्मदीदों के अनुसार, धमाके के तुरंत बाद तेज आग और धुएं के गुबार उठे, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
उत्तर प्रदेश में अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
दिल्ली में धमाके के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि डीजीपी ने सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, और सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने का आदेश दिया गया है।
जांच एजेंसियां सक्रिय
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एनआईए (NIA) इस धमाके की जांच में जुटी हैं। शुरुआती जांच में कार में रखे विस्फोटक पदार्थ की संभावना जताई जा रही है फिलहाल, मौके को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
