भाजपा की बड़ी कार्रवाई: अफीम की खेती करने वाले नेता विनायक ताम्रकर पार्टी से निष्कासित, ‘जीरो टॉलरेंस’ का दिया संदेश…NV News
Share this
रायपुर: छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अफीम की अवैध खेती के मामले में फंसे पार्टी नेता विनायक ताम्रकर को तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पार्टी में अनैतिक और आपराधिक कृत्य करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने विनायक ताम्रकर के फार्म हाउस और संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की थी, जहाँ बड़े पैमाने पर अफीम (Opium) की अवैध खेती किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अफीम के पौधे और डोडा चूरा जब्त किया था। इस खुलासे के बाद से ही विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा पर हमला तेज कर दिया था, जिसके बाद पार्टी ने छवि बचाने के लिए यह सख्त कदम उठाया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “हमारी सरकार और संगठन नशे के कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहे हैं। चाहे कोई भी व्यक्ति हो, यदि वह अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।”
विनायक ताम्रकर पार्टी में स्थानीय स्तर पर सक्रिय थे, लेकिन इस गंभीर आरोप के बाद उनकी राजनीतिक पारी पर फिलहाल विराम लग गया है। पुलिस अब इस मामले में उनके अन्य सहयोगियों और तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है।
