छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर: रायपुर समेत कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट, तापमान में भारी गिरावट
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है, वहीं रात में शीतलहर के कारण कंपकंपी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार ठंड ने सामान्य से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आमतौर पर 15 दिसंबर के बाद तापमान में इतनी गिरावट देखने को मिलती थी, लेकिन इस साल दिसंबर की शुरुआत से ही ठंड ने अपना तीखा रूप दिखा दिया है।
इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार तेज ठंडी हवाओं के साथ न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर की संभावना जताई है। इनमें
रायपुर, कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिले शामिल हैं।
अलाव का सहारा लेने को मजबूर लोग
बढ़ती ठंड को देखते हुए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। सुबह-सुबह सड़कों पर कोहरा और ओस की चादर नजर आ रही है। कई इलाकों में स्थानीय लोग खुद अलाव जला रहे हैं, जबकि नगर निगम से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने की मांग भी उठने लगी है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
